मलागा–मैड्रिड रूट पर पटरी से उतरी ट्रेन, विपरीत दिशा से आ रही दूसरी हाई-स्पीड ट्रेन से हुई भीषण भिड़ंत; सैकड़ों यात्री थे सवार
मैड्रिड/कॉर्डोबा।
दक्षिणी स्पेन में रविवार को हुए भीषण रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। कॉर्डोबा प्रांत के आदमूज इलाके के पास दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में अब तक 39 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, राहत एवं बचाव कार्य जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मलागा से मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी हाई-स्पीड ट्रेन उससे टकरा गई। हादसे के वक्त दोनों ट्रेनों में मिलाकर करीब 500 यात्री सवार थे, जिससे नुकसान का दायरा और भी बढ़ गया।
भयानक टक्कर से मचा अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे पटरी से उछलकर एक-दूसरे पर चढ़ गए। यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों और लोहे के ढांचे में फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही सिविल गार्ड, दमकल विभाग और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
डिब्बों को काटकर निकाले गए यात्री
रेल प्रशासन के अनुसार, कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिन्हें काटकर यात्रियों को बाहर निकालना पड़ा। कई लोग घंटों तक डिब्बों में फंसे रहे। राहत कार्य में भारी मशीनों, क्रेनों और विशेष कटिंग उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। रेड क्रॉस ने कॉर्डोबा और जैन से अतिरिक्त एंबुलेंस भेजीं और यात्रियों के लिए जरूरी मेडिकल सामग्री व भोजन की व्यवस्था की।
अस्पताल हाई अलर्ट पर
हादसे के बाद मैड्रिड और आसपास के सभी प्रमुख अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया। घायलों को कॉर्डोबा, जैन और अन्य नजदीकी शहरों के कम से कम छह अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।
हाई-स्पीड रेल सेवाएं निलंबित
दुर्घटना के बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच सभी हाई-स्पीड रेल सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। सुरक्षा कारणों से इस रूट पर चल रही ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों पर वापस भेज दिया गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की अपील की है।
उच्चस्तरीय जांच के आदेश
स्पेन सरकार और रेल प्रशासन ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों की जांच की जा रही है। इसमें तकनीकी खराबी, सिग्नल सिस्टम की विफलता और मानवीय चूक समेत सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

